Tuesday, May 5, 2020

विश्व आस्थमा दिवस




आपने ख़ाकी फ़िल्म में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को इन्हेलर इस्तेमाल करते देखा होगा। सिर्फ़ फ़िल्मो में हीं नहीं बल्कि निजी ज़िन्दगी में भी अमिताभ बच्चन इन्हेलर का इस्तेमाल करते हैं। ये इन्हेलर उन्हें आस्थमा के खिलाफ लड़ने में उनकी सहायता करता है। अमिताभ सार्वजनिक तौर पर भी बता चुके हैं कि वो आस्थमा के शिकार हैं। प्रियंका चोपड़ा ने भी अपने ट्विटर अकाउंट पर सार्वजनिक तौर पर बताया है कि वो आस्थमा की मरीज हैं। देखा जाए तो कई ऐसी हस्तियां हैं जो आस्थमा का शिकार होते हुए भी अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते आए हैं। डेविड बेखम का नाम तो आपने सुना हीं होगा जिनके एक फ्री किक ने पूरी दुनिया को उनका दीवाना बना दिया था। वो भी आस्थमा के मरीज हीं रहे हैं। आज भारत में लगभग 10% बच्चे और 2% वयस्क आस्थमा के मरीज हैं। 

अच्छा, तो पहले ये जान लें कि आस्थमा होता क्या है?
आस्थमा एक सांस की बीमारी है, जिसमें सांस की नालियां सिकुड़ जाती हैं और फिर आप सही तरह से ना तो ऑक्सीजन ले सकते हैं ना हीं कार्बन डाइऑक्साइड बाहर छोड़ सकते हैं। एक छोटी-सी सर्दी-जुखाम से तो हम इतना परेशान हो जाते हैं तो वैसा इंसान जो ना तो कभी खुल कर सांस ले सकता है ना हीं सांस छोड़ सकता है उसकी क्या हालत होती होगी? उसे कितनी बेचैनी होती होगी। आस्थमा के मरीजों की ज़िंदगी हमारी ज़िंदगी की तरह आसान नहीं होती। अगर वो तेज़ रफ़्तार में दौड़ जाएं तो आस्थमा अटैक, प्रदूषण के कारण खुली हवा में खुल कर सांस लेना मुश्किल, मौसम में ज़रा सा बदलाव हुआ नहीं कि तुरंत छींक-खांसी शुरू और खांसी भी ऐसी जो उन्हें अंदर से ये सोचने पर मजबूर कर दे कि अगले क्षण उनके साथ क्या होगा.....? ये ऐसी बीमारी है जिससे ना तो कोई जल्दी मर सकता है और ना हीं अपनी ज़िंदगी खुल कर जी सकता है।
कुछ शब्दों में समझा जाए तो आस्थमा वैसी बीमारी है जिसमें इंसान मौत को छू कर वापस लौट आता है।


आमतौर पर यह बीमारी एलर्जी के कारण होती है, जैसे धूल या प्रदूषण से एलर्जी, फूल-पौधों या किसी विशेष सुगंध से एलर्जी, हमेशा तनावग्रस्त रहने से भी आस्थमा की संभावना रहती है, एसिडिटी, धूम्रपान या अधिक मोटापा भी किसी को आस्थमा का मरीज बना सकता है।

जैसा कि मैंने बताया अगर किसी इंसान को किसी फूल-पौधों या किसी सुगंध से एलर्जी हो रही हो तो हो सकता है उसे आस्थमा हो। इसके अलावा और भी कई लक्षण हैं जिससे ये पता चलता है कि कोई व्यक्ति आस्थमा का मरीज है या नहीं, जैसे सूखी या बलगम के साथ तेज खांसी, सांस लेने में तकलीफ, सांस फूलना, सांस में आवाज़ आना, सीने में जकड़न होना इत्यादि।


और अगर इलाज की बात की जाए तो वैसे तो इसका कोई इलाज नहीं लेकिन सतर्कता और बचाव से इसका प्रभाव कम किया जा सकता है तथा इस पर काबू पाया जा सकता है। प्रदूषण वाली जगह से दूरी बनाकर, तरल पदार्थ का कम से कम सेवन करके, ठंडी चीजों से खुद को दूर रखकर हम अपना बचाव कर सकते हैं। इसके अलावा डॉक्टरी परामर्श लेकर इन्हेलर या संबंधित दवाओं का प्रयोग भी कर सकते हैं।

आज जब कोरोना की वजह से लगभग पूरे विश्व में लॉकडाउन जारी है ऐसे में आस्थमा के मरीजों को शुद्ध वातावरण मिल रहा है। हालांकि कोरोना वायरस का खतरा आस्थमा के मरीजों में बहुत ज्यादा है। ऐसे में आस्थमा के मरीजों को बदलते मौसम एवं कोरोना काल में कुछ अधिक हीं सतर्कता बरतनी ज़रूरी है।

आज विश्व आस्थमा दिवस पर हमें उन सभी आस्थमा के मरीजों से प्रेरणा लेनी चाहिए जो इस समस्या से जूझते हुए, कई चीजों से बचाव करते हुए और सतर्क रहते हुए अपने कार्यक्षेत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तत्पर रहते हैं। एक आस्थमा से पीड़ित मजदूर अपने परिवार के लिए रोजी-रोटी की व्यवस्था कैसे करता होगा, ज़रा सोचिए। एक आस्थमा पीड़ित खिलाड़ी के लिए अपने राष्ट्र के लिए खेलना और उसका नेतृत्व करना कितना मुश्किल होता होगा, ज़रा सोचिए। एक आस्थमा पीड़ित कलाकार के लिए धूल प्रदूषण के साथ-साथ तरह-तरह के वातावरण में शूटिंग करना कितना मुश्किल होता होगा, ज़रा सोचिए.......।।

मौत के बाद का न्याय

"जस्टिस फॉर मनीषा" आज हर तरफ बस यही गूंज है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप्प स्टेटस, ट्विटर हर जगह। हो भी क्यों ना सुबह-सुबह खेत ...