Thursday, October 1, 2020

मौत के बाद का न्याय



"जस्टिस फॉर मनीषा" आज हर तरफ बस यही गूंज है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप्प स्टेटस, ट्विटर हर जगह। हो भी क्यों ना सुबह-सुबह खेत में काम करने जा रही एक 19 वर्ष की लड़की दरिंदों का शिकार जो बन गई। इन दरिंदों के इस गैंग ने ना सिर्फ मनीषा का बलात्कार किया बल्कि उसके हाथ-पैर, रीड़ की हड्डी और गले की हड्डी भी तोड़ दी साथ ही उसका जीभ भी काट डाला। ये घटना उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की है, जो 14 सितंबर को घटी लेकिन इंसाफ के लिए आवाज उठी 29 सितंबर को जब मनीषा की सांसे थम गई। शायद हम, हमारी मीडिया, हमारा प्रशासन, हमारी सरकार सभी रिया चक्रवर्ती और ड्रग्स के चल रहे मामले में इतने व्यस्त हो गए हैं कि अन्य बातों पर हमारा ध्यान जाए तब तक देर हो जा रही। हालांकि अपराधी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

27 नवंबर, 2019, हैदराबाद, एक जानवरों की डॉक्टर प्रियंका रेडी का सामुहिक बलात्कार कर उसे बुरी तरह जला दिया गया। तब भी जनता ने आवाज़ उठाई, मामला भी दर्ज हुआ, करवाई भी हुई और 6 दिसम्बर 2019 को उन अपराधियों का एनकाउंटर भी हुआ। दिसम्बर 2018, दिल्ली। एक 8 महीने की बच्ची की मां जब काम पर से घर वापस लौटती है, तो बच्ची को खून से लथपथ पाती है। पता चलता है उसका बलात्कार हुआ है। 3 घंटे सर्जरी के बाद भी बच्ची बच नहीं पाती है। बच्ची के पिता मज़दूरी करते थे और मां दूसरे घरों में जाकर काम करती थीं। जांच पड़ताल पर पता चला बच्ची के चचेरे भाई ने हीं उसका बलात्कार किया है। ये मामला दिल्ली हाई कोर्ट तक गया था।

16 दिसम्बर, 2012, दिल्ली, निर्भया कांड। जिसमें एक लड़की अपने दोस्त के साथ मूवी देखकर घर लौट रही थी । तभी बस में उसका सामूहिक बलात्कार कर उसे जंगल में फेंक दिया गया। बुरी स्थिति में अपनी ज़िंदगी से लड़ते हुए निर्भया ने भी 29 दिसम्बर 2012 को अपना दम तोड़ दिया। उस वक़्त भी पूरे देश में एक चिंगारी सी लगी हुई थी, "जस्टिस फ़ॉर निर्भया"। और निर्भया को इंसाफ मिला 5 मार्च 2020 को। पूरे 8 साल लग गए उन अपराधियों को उनके अपराध की सजा मिलने में। इतने लंबे समय में मिला न्याय भी अन्याय के बराबर हीं था।

ये तो वो मामले हैं जो उभर कर बहुत ज्यादा सामने आए। हमारे देश में बलात्कार के हीं और भी कई ऐसे मामले हैं जो उभर कर सामने कभी आए हीं नहीं और आ भी जाएं तो उन मामलों को दबा दिया जाता है। क्योंकि हमारे समाज में कुछ लोग ऐसे भी हैं जो बलात्कारियों में दोष निकालने से पहले उस पीड़ित लड़की/महिला में दोष निकालते हैं। लड़कियों को छोटे कपड़े पहनने की क्या ज़रूरत है, देर रात मूवी देखने या बाहर रहने की क्या ज़रूरत है? केस दर्ज करवाने गए तो वहां भी तानों की बौछार। एक आठ महीने की बच्ची क्या देर रात अकेले सड़कों पर बाहर घूमती है या उसके छोटे कपड़े से कुछ ऐसा झलकता है जो एक इंसान को हैवान बना दे? क्या वो दलित परिवार की मनीषा वाल्मीकी भी गलत है, जो सलवार कमीज पहनकर, अपने पूरे बदन को कपड़ों से ढ़क कर, सुबह-सुबह खेतों में काम करने जा रही थी?

हमारे देश में बलात्कार को लेकर कानून भी बना हुआ है। जिसमें किसी भी महिला के साथ बलात्कार करने के आरोपी पर धारा 376 के तहत मुकदमा चलाया जाता है। जिसमें अपराध सिद्ध हो जाने पर दोषी को कम से कम 5-10 साल तक कड़ी सजा दिए जाने का प्रावधान है। लेकिन हम इस बात से भी नहीं मुकर सकते कि बलात्कारी को बलात्कारी सिद्ध होने में हीं 8-10 साल निकल जाते हैं, या फिर उससे भी ज़्यादा। क्या ये बलात्कार का मामला इतना कमज़ोर है, जिस पर सख्ती बरतने में 8 साल लग जाएं या फिर उस मामले को बिना सुलझाए हीं बन्द कर दिया जाए? क्या हर बलात्कार से पीड़ित महिला को अपने बलात्कारी को सजा दिलवाने के लिए अपनी जान देनी पड़ेगी? क्या हमारा प्रशासन तभी मजबूती से कार्यवाही करेगा, जब बलात्कार पीड़ित महिला/लड़की के शरीर के ऊपर भी खरोचें आएं हों? 

कुछ झूठे बालात्कार के मामले भी सामने आते हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि सच्चे मामलों को भी दबाने की कोशिश की जाए। ऐसे मामले सामने आते हीं, सही तरीके और सख्ती से मेडिकल जांच तुरंत करायी जानी चाहिए और हर संभव प्रतिक्रिया लेनी चाहिए। वरना ज़्यादातर मामलों में वही रीत चलती आएगी -
"मौत के बाद का न्याय"

मौत के बाद का न्याय

"जस्टिस फॉर मनीषा" आज हर तरफ बस यही गूंज है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप्प स्टेटस, ट्विटर हर जगह। हो भी क्यों ना सुबह-सुबह खेत ...