Monday, September 14, 2020

हिन्दी दिवस विशेष



14 सितम्बर, हिन्दी दिवस। आज हीं के दिन वर्ष 1949 को संविधान सभा में यह निर्णय लिया गया था कि हिन्दी हम भारतीयों की राजभाषा होगी। वही हिन्दी जिसे हम पढ़ना, लिखना और सुनना पसंद करते हैं। वही हिन्दी जिसे कोई भी बच्चा सरलता से बोल और समझ सकता है। वही हिन्दी जिसके शब्द हमारे दिल को छू जाते हैं। लेकिन धीरे-धीरे हम उसी हिन्दी से दूरी बनाते जा रहे हैं। हिन्दी के विकास के उद्देश्य से "हिन्दी दिवस" मनाया जाने लगा। 


हिन्दी दुनिया में दूसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। दुनिया में लगभग 80 करोड़ से ज्यादा लोग हिन्दी भाषा हीं बोलते हैं। हिन्दी सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि नेपाल, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान में भी बोली जाती है। हिन्दी की लिपि देवनागरी है। हिन्दी लगभग 1000 वर्ष पुरानी भाषा है। और इससे भी ज्यादा पुरानी भाषा अवधि है। फिर भी हमारी राजभाषा का दर्जा हिन्दी को ही दिया गया। 

वर्ष 1918 में हिन्दी साहित्य सम्मेलन में भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हिन्दी भाषा को जनमानस की भाषा बताते हुए इसे राष्ट्रभाषा बनाने की बात सामने रखी थी। लेकिन इस पर विचार-विमर्श भारत के स्वतंत्र होने के बाद की गई। काफी सोच-विचार के बाद 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा बैठक में यह निर्णय लिया गया कि हिन्दी हमारी राजभाषा होगी और लिपि देवनागरी होगी। इसी महत्वपूर्ण निर्णय और हिन्दी को हर क्षेत्र में प्रसारित करने के लिए राज भाषा प्रचार समिति भी बनाई गई। जिसके अनुरोध पर वर्ष 1953 में पूरे भारत में 14 सितंबर को प्रतिवर्ष हिन्दी दिवस के रुप में मनाया जाने लगा।

वर्तमान समय में हिन्दी भाषा की स्थिति :-
आज हमारे इस राजभाषा हिन्दी को हम कितनी अहमियत देते हैं ये हम भी जानते हैं। बचपन से ही हम बच्चों के हिन्दी के शब्दों के उच्चारण पर ध्यान दे ना दें, अंग्रेजी के शब्दों के उच्चारण पर ज़रूर ध्यान देते हैं। गैर सरकारी विद्यालयों में हिन्दी पढ़ाया तो जाता है, लेकिन ज़्यादा ज़ोर अंग्रेज़ी पर हीं दी जाती है। कुछ बड़े गैर सरकारी विद्यालयों में तो नियम बन चुका है कि उच्च कक्षा के विद्यार्थी आपस में अंग्रेज़ी में हीं बात करेंगे। अगर हिन्दी में बात किया और शिक्षक तक ख़बर पहुंची तो उस विद्यार्थी को कोई ना कोई दंड ज़रूर दिया जाएगा। हालांकि ऐसा करने का उद्देश्य उन बच्चों को अंग्रेज़ी अच्छे से सिखाना है। लेकिन यह तरीका अपनाकर हम उन बच्चों को उनकी राजभाषा से दूर कर रहे हैं। आज साक्षात्कार में भी हिन्दी को कम और अंग्रेजी को ज्यादा प्राथमिकता दी जाती है। हमारे हिन्दी भाषी पत्रकार भी हिन्दी के हर कुछ शब्दों के बाद अंग्रेज़ी के शब्द ज़रूर प्रयोग में लाते हैं। युवा भी हिन्दी भाषा में कम और अन्य भाषा जैसे अंग्रेज़ी, फ्रेंच इत्यादि में ज़्यादा दिलचस्पी लेने लगे हैं। कोई दूसरी भाषा सीखना गलत नहीं है, लेकिन अपनी राजभाषा को अहमियत ना देना कहीं ना कहीं उसका अपमान करने के बराबर हीं हैं। अंतर्राष्ट्रीय भाषा अंग्रेज़ी सीखना जितना ही ज़रूरी है, उतना हीं ज़रूरी अपनी राजभाषा हिन्दी का सम्मान बनाए रखना है।

हिन्दी की बिगड़ती स्थिति के कारण :-
इसका सबसे बड़ा कारण है वैश्वीकरण। आज भारत की अर्थव्यवस्था पूरे विश्व के साथ जुड़ी है। ऐसे में अंतर्राष्ट्रीय भाषा अंग्रेज़ी भी लोगों के लिए बहुत ज़रूरी बन चुकी है। जिसके कारण लोगों का झुकाव हिन्दी की तरफ कम और अंग्रेज़ी की तरफ बढ़ता जा रहा है। लेकिन साथ हीं आज जिस तरह से वैश्विक स्तर पर भारत का विकास हो रहा है, हिन्दी को भी बहुत जल्द हीं अन्य देशों में भी महत्व मिलने लगेगा। अब तो 10 जनवरी को विश्व हिन्दी दिवस भी मनाया जाने लगा है और हम उसी हिन्दी से दूरी बनाने लगे हैं।

हिन्दी के लिए हम क्या कर सकते हैं ? 
अपनी राजभाषा के महत्व को बनाए रखने के लिए हमें कोशिश खुद से हीं शुरू करनी होगी। किसी से वार्तालाप करते समय हम सिर्फ हिन्दी शब्दों का हीं प्रयोग करें, इसका ध्यान रखना होगा। विद्यालयों में बच्चों को अंग्रेज़ी तो सिखाया जाना चाहिए। लेकिन साथ हीं हिंदी पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। जैसे अंग्रेज़ी में वार्तालाप के लिए सख़्त नियम बनाए गए हैं, वैसे हीं हफ्ते में एक से दो दिन हिंदी वार्तालाप के लिए भी सख़्ती बनानी चाहिए और शब्दों के सही चयन पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। हमारे हिन्दी भाषी पत्रकारों को भी लिखते या बोलते समय सिर्फ हिंदी शब्दों का हीं प्रयोग करना चाहिए। ताकि युवाओं का भी झुकाव हिन्दी की तरफ बढ़े और हमारी राजभाषा को एक राजभाषा की तरह सम्मान मिल सके।

मौत के बाद का न्याय

"जस्टिस फॉर मनीषा" आज हर तरफ बस यही गूंज है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप्प स्टेटस, ट्विटर हर जगह। हो भी क्यों ना सुबह-सुबह खेत ...