Sunday, June 21, 2020

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस




पिज़्ज़ा, बर्गर, गोलगप्पे देख कर मेरा खुद पर काबू कर पाना बहुत मुश्किल होता है। मुझे पता है कि ये सारी चीजें मेरे लिए कितनी हानिकारक है लेकिन फिर भी हर बार यही सोचकर उस पर टूट पड़ती हूं कि बस आखरी बार इसके बाद जल्दी नहीं खाऊंगी। लेकिन मेरा वो आखरी बार कभी आता ही नहीं। ऐसा सिर्फ मेरे साथ ही नहीं बहुत लोगों के साथ होता है। हम अपनी इन आदतों को छोड़ तो नहीं पाते लेकिन खुद को स्वस्थ रखने के लिए कुछ नई और अच्छी आदतों को अपना सकते हैं। हमारे खान-पान ने हमारी ज़िन्दगी पर बहुत असर डाला है। कोई डायबिटीज़ से परेशान है तो कोई मोटापे से, कोई कब्ज़ से परेशान है तो कोई एसिडिटी से। कुछ लोगों की तो सोच बन गई है कि क्या-क्या छोड़े और कितना खुद को रोकें? तो अगर आप खुद को रोक नहीं सकते तो योग को अपनाएं।

अभी हाल ही की बात है भारत के कई क्षेत्रों में लॉकडाउन के बाद शराब की दुकानें खुलीं। उत्तर प्रदेश में ही शराब की दुकान खोलते हीं लोग उस पर टूट पड़े, ये जनते हुए कि शराब सीधा उनके लीवर पर असर करेगी। उनका कहना है कि शराब की लत लग चुकी है, जिसे छुड़ाना नामुमकिन सा लगता है। तो इस शराब की लत को छुड़ाने का उपाय भी योग में है।

वैश्विक महामारी कोरोना ने कई सारे लोगों को अपने लपेटे में लिया। जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता सही थी उन्होंने तो उसका सामना कर लिया, लेकिन जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर थी वो अपनी जान गवां बैठे और अभी भी गवा रहे हैं। किसी के लिए भी ये समझना मुश्किल है कि उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कोरोना से लड़ने के काबिल है या नहीं। सबके मन में डर बना रहता है। तो योग के ज़रिए हम अपनी प्रतिरोधक क्षमता को और भी मजबूत कर सकते हैं।

इतना ही नहीं आज के समय में किसी ऐसे व्यक्ति को ढूंढ निकालना बहुत मुश्किल है जो पूरी तरह स्वस्थ हो। किसी को नींद नहीं आती तो किसी को माईग्रेन की शिकायत है, किसी को सांस लेने में तकलीफ है तो कोई डिप्रेशन का शिकार है और एक शिकायत जो आजकल हर किसी के साथ है और वो है बाल गिरने की शिकायत। हमारी एक छोटी सी बिमारी जिसे हम नज़रअंदाज कर देते हैं वो हमें कई सारी बीमारियां दे जाती है। जैसे हमारा तनावग्रस्त रहना ही हमें कई सारी बीमारियों की तरफ धक्का देता है। और योग के ज़रिए हम कई सारी बीमारियों से छुटकारा पा सकते हैं।

लेकिन आमतौर पर हमारी सोच होती है- अब सुबह-सुबह कौन उठकर योग करने जाए। मेरी भी सोच यही हुआ करती थी लेकिन ज़रूरी नहीं कि आप योग सिर्फ सुबह में ही करें बल्कि इसे शाम में भी किया जा सकता है और अगर आपको धीरे-धीरे इसके फायदे नज़र आने लगे तो इसे करना भी आपको अच्छा लगने लगेगा और ये भी आपकी आदतों में शामिल हो जाएगा।



उत्तासन के ज़रिए अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता सही की जा सकती है। शुरुआत में मुश्किल होता है इसे करना लेकिन धीरे-धीरे अभ्यास के साथ ही यह आसन हमारे लिए आसान होते जाता है। अनुलोम-विलोम, सर्वांगासन, पर्वतासन, चक्रासन भुजंगासन के ज़रिए सांस की परेशानी दूर कर सकते हैं। कब्ज़ की परेशानी या एसिडिटी के लिए मयूरासन, हलासन, तितली मुद्रासन जैसे योग कर सकते हैं। मेडिटेशन कर के तनाव को कम सकते हैं, आय दिन हम जिस मानसिक स्थिति से गुजरते हैं उस पर काबू पा सकते हैं, अपनी एकाग्रता, बौद्धिक क्षमता बढ़ा सकते हैं। मेडिटेशन हमें बुरी आदतों को छोड़ने में भी मदद करता है। सूर्य नमस्कार कर के हम अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, पाचन तंत्र में भी सुधार ला सकते हैं, रीड़ की हड्डीयों को मजबूत कर सकते हैं, समय से पहले आने वाले बुढ़ापे को भी रोक सकते हैं।

मतलब योग एक फायदे अनेक। हम अपनी छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी बीमारी या परेशानी का हल घर बैठे इस योग के ज़रिए ही निकाल सकते हैं। खासतौर पर बच्चों में बचपन से ही इसकी आदत डालनी चाहिए ताकि उनका विकास अच्छे से हो और अभ्यास बना रहे।

हमारी बदलती जीवनशैली और खान-पान ने योग की महत्वता को हमारे जीवन में और भी बढ़ा दिया है। इस योग ने सिर्फ हमें ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर लोगों को बहुत ही प्रभावित किया है। इसी प्रभाव को देखते हुए आज ही के दिन यानी 21 जून 2015 से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाने लगा। इस वर्ष भी लोग 2020 की थीम "योगा फॉर हेल्थ, योगा फ्रॉम होम" का पालन करते हुए सोशल डिस्टेसिंग के साथ योग दिवस मना रहे।

अगर हम अपनी कुछ आदतों को छोड़ नहीं सकते तो अपनी आदतों में योग को शामिल कर खुद को स्वस्थ और सुरक्षित बना सकते हैं। साथ ही भारत के स्वास्थ्य भविष्य का निर्माण भी कर सकते हैं। तो,
                  योग करें और स्वस्थ रहें.....

Father's Day



पापा,

बचपन की सारी बातें मुझे याद तो नहीं, 
पर जितनी है उतनी कम भी नहीं।।

"चौथी बेटी है आपकी तकलीफ समझ सकते हैं हम आपकी" ऐसे लोग कहा करते थे आपसे और तब आपका जवाब हुआ करता था "अगर आप समझ सकते तो मेरी खुशी को समझ पाते"। 
आपका ये जवाब कहीं ना कहीं हिम्मत भरता था मुझ में।
बचपन की सारी बातें मुझे याद तो नहीं, 
पर जितनी है उतनी कम भी नहीं।। 

बचपन से मुझे मेरे पैरों पर खड़ा कर चलना सिखाया आपने, मेरे लड़खड़ाते कदमों को गिर कर उठना सिखाया आपने, मेरी उंगलियों को थाम कर हमेशा सही रास्ता चुनना सिखाया आपने।
बचपन की सारी बातें मुझे याद तो नहीं, 
पर जितनी है उतनी कम भी नहीं।। 

हर शाम ऑफिस से थक कर घर वापस आने के बाद भी मेरे साथ खेलना आपका, मेरी हंसी सुनने के लिए मेरी बेफिज़ूल की हरकतों पर ठहाके लगाकर हंसना आपका, फिर मुझे कंधों पर बिठा घुमाने ले जाना आपका,मुझे जरा सी चोट लग जाने पर परेशान होना आपका, सब बचपन की हीं तो बातें हैं ना पापा।
बचपन की सारी बातें मुझे याद तो नहीं, 
पर जितनी है उतनी कम भी नहीं।। 

सब कहते हैं "बच्चे से सबसे ज्यादा प्यार मां करती है" लेकिन मैंने मां और आपके प्यार में कभी कोई अंतर नहीं पाया।
याद है मुझे स्कूल का पहला दिन, अपनी ऑफिस छोड़ घंटों स्कूल के बाहर इंतजार किया था आपने कि कहीं अगर मैं रो पड़ी तो संभालने आपको ही आना होगा। 
बचपन की सारी बातें मुझे याद तो नहीं, 
पर जितनी है उतनी कम भी नहीं।।

फुटबॉल क्लब ज्वाइन करने के लिए जब घर से इजाज़त
 मांगी थी मैंने सब ने रोका था ये कहकर कि "बेटी हो बेटी की तरह रहो" और तब सिर्फ आपने मुझे सपोर्ट किया था ये कहकर कि "बेटी हो आगे बढ़कर बेटियों का नाम रोशन करो"। 
मेरी पहली जीत का मेडल लेकर बहुत खुश होकर बताते घूम रहे थे आप कि मेरी बेटी ने जीता है जैसे मेरी एक छोटी सी जीत ने आपको बहुत बड़ी जीत दिला दी हो। 
तब थोड़ी बड़ी हो चुकी थी और तब से लेकर अब तक की आप से जुड़ी सारी बातें मुझे याद है पापा, 
और जितनी है उतनी कम नहीं।। 

उस छोटे से जगह में रहते हुए भी आपने मुझे हमारे समाज की हर कुरीतियों से दूर रखा, सबके विपरीत जाकर आपने मेरे हर शौख, हर सपने को पूरा किया, आपने तो अपना शौख भी मुझ पर ही न्योछावर किया, किसी की बात नहीं सुनी और मुझे आगे बढ़ने दिया।
बड़ी हो चुकी थी ना मैं पापा 
इसलिए आपकी सारी बातें और आपसे मिला प्यार याद है मुझे।। 
               


उस छोटी सी जगह से बाहर निकल बड़े सपने बुनना और उस सपने को पूरा करने के लिए जी जान लगा देना इसकी हिम्मत भी आपने ही भरी थी मुझमें पापा। 
हां आपने मेरी हर ज़िद्द कभी पूरी नहीं की क्योंकि आप मुझे हर हालात में रह कर उससे आगे निकलना सिखाना चाहते थे। 
अब बड़ी हो चुकी हूं ना पापा इसलिए आप से जुड़ी सारी बातें, आपकी दी हुई हर सीख याद है मुझे।। 

ये भी याद है मुझे जब मैंने रेडियो में काम शुरू किया था आपको मेरे हर शो की टाइमिंग याद हो गई थी, 
मां से भी पहले रेडियो लेकर आप बैठ जाया करते थे पापा, सिर्फ मेरी आवाज और मेरी बातों को सुनने के लिए साथ ही सबको सुनाया करते थे ये कहकर कि "मेरी बेटी की आवाज़ है"।  
बड़ी हो गई हूँ ना पापा आप से मिला हर प्यार याद है मुझे।। 

अब मैं और बड़ी हो चुकी हूं पापा, अब जिम्मेदारियाँ मुझ पर भी है लेकिन इन ज़िम्मेदारियों को इतने बखूबी से निभाना आपसे ही सीखा है मैंने, 
ज़िन्दगी में कितनी भी बड़ी परेशानी क्यों ना आ जाए चेहरे पर एक छोटी सी मुस्कान लिए उस परेशानी का सामना करना आपसे ही सीखा है मैंने, 
या फिर यूं कहूं तो ज़िन्दगी को जीना आपसे ही सीखा है मैंने पापा। 
बड़ी हो गई हूं ना इसलिए सब कुछ बहुत अच्छे से याद है मुझे।। 

आज भी जब भी मन उदास हो आपको ही सबसे ज्यादा याद करती हूं, 
चाहे कितना भी कोशिश कर लूं अपनी तकलीफ आपसे छुपाने की आप मेरी आवाज़ से मेरी तकलीफ का पता लगा ही लेते हो पापा, 
ज़िन्दगी के इस सफर में जहां भी अकेली पड़ जाऊं हर वक्त मेरा हाथ थाम मुझे संभालने के लिए आप हमेशा खड़े रहते हो पापा। 

बड़ी हो चुकी हो ना पापा इसलिए सारी बातें अब समझती हूं 
बचपन की सारी बातें मुझे याद तो नहीं, 
लेकिन ये याद है कि जब भी कोई मुझसे पूछा करता था कि बड़े होकर क्या बनना है तो बिना सोचे समझे मैं कहती थी मुझे बड़े होकर बिल्कुल पापा की तरह बनना है, 
लेकिन अब सारी बातें समझ कर कहती हूं, पापा मुझे बिल्कुल आपकी तरह बनना है। 

जब भी कोई आपसे ये कहता की "बेटी नहीं बेटा है ये आपका" फिर आपका वो जवाब "ये मेरा बेटा नहीं मेरी बेटी और मेरी ज़िन्दगी है, जिसे अपनी पहचान एक बेटी के रूप में बनाने का पूरा हक़ है", ये जवाब ना मुझ में आज भी हिम्मत भरता है पापा।

बचपन की सारी बातें मुझे याद तो नहीं,
पर जितनी है उतनी कम भी नहीं।

आपकी छुटकी बिटिया.....

मौत के बाद का न्याय

"जस्टिस फॉर मनीषा" आज हर तरफ बस यही गूंज है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप्प स्टेटस, ट्विटर हर जगह। हो भी क्यों ना सुबह-सुबह खेत ...